जिला फुटबॉल लीग-2026: प्रधानगोडा ने खरसावां को 6-0 से रौंदा, ग्रीन एरिया दलभंगा की रोमांचक जीत
kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग अर्जुना कप-2026 के अंतर्गत सोमवार को अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेले गए दोनों मुकाबलों में शानदार खेल देखने को मिला। पहले मैच में एसएमसी प्रधानगोडा ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए बीपीएस खरसावां को 6-0 से करारी शिकस्त देकर सुपर-5 में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया। वहीं दूसरे मुकाबले में ग्रीन एरिया दलभंगा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मजबूत मानी जा रही तूड़ीयान एफसी को 2-1 से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया।

पहले मैच में प्रधानगोडा की ओर से राखी लोआदा ने हैट्रिक जमाई, जबकि अर्जुन सोय ने दो गोल किए। टीम ने पहले हाफ में ही 3-0 की बढ़त बना ली थी। मैच का छठा और अंतिम गोल मधु सोय ने दागकर टीम की 6-0 की शानदार जीत सुनिश्चित की।

दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। प्रतियोगिता में अब तक प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही तूड़ीयान एफसी को ग्रीन एरिया डलभंगा ने कड़ी टक्कर दी। डलभंगा की ओर से धनसिंह और घोड़े ने एक-एक गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। मैच के अंतिम क्षणों में चूमरु हेंब्रम ने गोल कर अंतर कम किया, लेकिन उनकी टीम हार से नहीं बच सकी और डलभंगा ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन सरायकेला-खरसावां की अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉल खिलाड़ी नीलम खलको ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। नीलम ने वर्ष 2005 में भारतीय राष्ट्रीय टीम के साथ कोरिया तथा वर्ष 2006 में मलेशिया का दौरा किया था। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उन्हें जिले की खिलाड़ी होने पर गर्व है और यहां की प्रतिभाओं में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने की अपार क्षमता है।
28 जुलाई के मुकाबले
एनएससी बुरुडीह बनाम वाईबीएफसी राजनगर – दोपहर 2:00 बजे
सुमित एफसी सिनी बनाम ट्रिपल ए हरिहरपुर – अपराह्न 3:30 बजे
स्थान: बिरसा स्टेडियम, सरायकेला।
