जिला फुटबॉल लीग 2026: धोलूडीह को 7-2 से हराकर प्रधानगोडा सुपर-5 में पहुंचा
kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग अर्जुना-कप 2026 के अंतिम लीग मुकाबले में प्रधानगोडा एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीएमसी धोलूडीह को 7-2 से पराजित कर सुपर-5 में अपनी जगह पक्की कर ली। यह मुकाबला अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेला गया।

प्रधानगोडा की ओर से राखी लोवादा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए चार गोल दागे और टीम की जीत के नायक बने। इसके अलावा मोहन सिंह सोय, सुधीर टुडू तथा मधु सोय ने एक-एक गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया। वहीं बीएमसी धोलूडीह की ओर से सुशील सरदार ने एकमात्र गोल किया।
प्रधानगोडा की आक्रामक रणनीति के सामने धोलूडीह की टीम पूरे मैच में संघर्ष करती नजर आई। जीत के साथ ही प्रधानगोडा ने सुपर-5 में प्रवेश कर लिया।
अंतिम लीग मैच के समापन के साथ ही जिला फुटबॉल लीग 2026 की सुपर-5 टीमों का भी फैसला हो गया है। सुपर-5 में प्रधानगोडा एफसी, खामरडीह, मातकमडीह, हाथीटांड़ और सुमित एफसी की टीमें जगह बनाने में सफल रही हैं। अब फुटबॉल प्रेमियों की नजरें सुपर-5 पर टिकी हैं, जहां खिताब की जंग और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।
