जिला फुटबॉल लीग 2026: तूड़ीयान को 5-2 से हराकर खामरडीह सुपर-5 में, प्रधानगोडा की स्थिति मजबूत
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला फुटबॉल लीग (अर्जुना कप) के तहत शनिवार को अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेले गए मुकाबलों में यूथ क्लब खामरडीह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तूड़ीयान एफसी को 5-2 से हराकर सुपर-5 में प्रवेश कर लिया। वहीं, पहले मैच में आरएफटीसी और प्रधानगोडा एफसी के बीच मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
पहले मुकाबले में आरएफटीसी और प्रधानगोडा एफसी के खिलाड़ियों ने कई आक्रामक प्रयास किए, लेकिन दोनों टीमों के स्ट्राइकर गोल करने में सफल नहीं हो सके। मैच भले ही ड्रॉ रहा, लेकिन इस परिणाम से प्रधानगोडा एफसी की सुपर-5 में पहुंचने की संभावना काफी मजबूत हो गई है। टीम ने अब तक तीन मैचों में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ कुल 7 अंक हासिल किए हैं, जबकि उसका एक लीग मैच अभी शेष है।
दिन के दूसरे मुकाबले में यूथ क्लब खामरडीह पूरी तरह हावी रहा। टीम की ओर से देवाशीष बोदरा ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि राहुल हाई बुरु और रोहित कुदादा ने एक-एक गोल दागकर टीम को 5-2 की प्रभावशाली जीत दिलाई। तूड़ीयान एफसी की ओर से मंगल सिंह और नीतीश ने एक-एक गोल किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
इस जीत के साथ यूथ क्लब खामरडीह ने सुपर-5 में अपना स्थान पक्का कर लिया है, जबकि प्रधानगोडा एफसी भी मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। अब लीग के आगामी मुकाबलों में सुपर-5 की शेष टीमों को लेकर रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है।
