खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी के लिए 40 खिलाड़ियों का चयन, 95 प्रतिभागियों ने दिखाया दम
Kharsawan
खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी के गठन की दिशा में रविवार को सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में चयन शिविर का आयोजन किया गया। कोल्हान के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं 95 महिला खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें से 40 खिलाड़ियों का चयन किया गया।
चयन शिविर का शुभारंभ जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो, जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद दिलदार तथा पिनाकी रंजन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

जिला ओलंपिक संघ के सचिव सिकंदर महतो ने कहा कि बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों की भागीदारी यह दर्शाती है कि कोल्हान क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवतियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे चयन शिविर क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
आयोजकों ने बताया कि इस चयन शिविर के बाद खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी की अंतिम सूची जारी की जाएगी। चयनित खिलाड़ियों को अकादमी के माध्यम से प्रशिक्षण देने के साथ-साथ जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा।
चयन प्रक्रिया में फुटबॉल विशेषज्ञ पोलूस नाग, विजय दिग्गी सहित अन्य प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। चयन शिविर का उद्देश्य कोल्हान की उभरती महिला फुटबॉल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें संगठित प्रशिक्षण एवं बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
