महिला फुटबॉल अकादमी के लिए 25 खिलाड़ियों का चयन, अंतिम ट्रायल 19 जुलाई को सरायकेला में
Kharsawan
खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी के गठन की दिशा में शनिवार को अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में महिला खिलाड़ियों के चयन के लिए प्रथम चरण का ट्रायल शिविर आयोजित किया गया। चयन शिविर में कुल 72 महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से प्रदर्शन के आधार पर 25 खिलाड़ियों का चयन किया गया। आयोजकों ने बताया कि चयन प्रक्रिया का दूसरा चरण 19 जुलाई को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित किया जाएगा। दूसरे चरण के ट्रायल के बाद खरसावां महिला फुटबॉल अकादमी के लिए अंतिम टीम की घोषणा की जाएगी।

अकादमी के लिए चयनित खिलाड़ियों को भविष्य में जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र की प्रतिभाशाली महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराया जाएगा। खरसावां में आयोजित चयन शिविर के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, कौशल, खेल समझ और मैदान पर प्रदर्शन का विशेषज्ञों द्वारा मूल्यांकन किया गया। स्थानीय खेल प्रेमियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि महिला फुटबॉल अकादमी शुरू होने से जिले की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का नया अवसर मिलेगा। इस अवसर पर मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, बलराम महतो, संजय सुंडी, पोलूस नाग एवं चंद्र मोहन सोय सहित फुटबॉल के कई विशेषज्ञ उपस्थित रहे और चयन प्रक्रिया में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
