सरायकेला में आधुनिक छऊ के जनक कुंवर विजय प्रताप सिंहदेव की प्रतिमा का अनावरण
Seraikella
सरायकेला। राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र परिसर में शुक्रवार को आधुनिक छऊ नृत्य के जनक कुंवर विजय प्रताप सिंहदेव की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने विधिवत प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, कार्यपालक पदाधिकारी समीर बोदरा, वार्ड पार्षदों सहित बड़ी संख्या में छऊ कलाकार एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पारंपरिक गरिमा के साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कुंवर विजय प्रताप सिंहदेव के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पारंपरिक छऊ नृत्य को आधुनिक स्वरूप प्रदान कर इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनके अथक प्रयासों के कारण ही छऊ नृत्य को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है।
वक्ताओं ने कहा कि कुंवर सिंहदेव की सोच और प्रयासों ने छऊ नृत्य को विश्व पटल पर स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। उनकी स्मृति में स्थापित यह प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
