कुचाई के जोमरो में एसएसबी की पहल, कमांडेंट ने ग्रामीणों संग बैठक कर सुनी समस्याएं,
kuchai
कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती पहाड़ी क्षेत्र जोमरो में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 26वीं वाहिनी, रांची के कार्यक्षेत्र अंतर्गत ए-कंपनी जोमरो द्वारा ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ए-कंपनी के एओआर क्षेत्र के ग्राम शिक्राम्बा एवं कमाई टोला (रेलांग) के ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन कमांडेंट शाश्वत कुमार एवं उप कमांडेंट शक्ति सिंह के मार्गदर्शन में कंपनी कमांडर के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि बुधु मुंडा भी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनना और उन्हें सरकार व गैर-सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना था, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, स्वास्थ्य, रोजगार समेत विभिन्न समस्याएं खुलकर रखीं। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करने का भरोसा दिलाया। साथ ही ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सशस्त्र सीमा बल की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की बैठकों से न केवल जन-जागरूकता बढ़ती है, बल्कि क्षेत्र के विकास कार्यों को भी गति मिलती है।
