Project Device की बड़ी सफलता: 103 गुम मोबाइल बरामद, असली धारकों को लौटाए
CEIR पोर्टल की मदद से पुलिस ने ट्रेस किए मोबाइल, आदित्यपुर थाना परिसर में धारकों को सौंपे फोन
Adityapur
आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावाँ पुलिस की ओर से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए संचालित Project Device के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों और CEIR पोर्टल की सहायता से गुम कुल 103 मोबाइल फोन बरामद किए। आवश्यक सत्यापन के बाद इन मोबाइल फोन को उनके वास्तविक धारकों को सही-सलामत सुपुर्द कर दिया गया।
आदित्यपुर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सरायकेला-खरसावाँ जिले के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी एवं सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अभिनव भारद्वाज की मौजूदगी में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलने पर धारकों के चेहरे पर खुशी नजर आई। उन्होंने सरायकेला-खरसावाँ पुलिस के प्रति आभार जताते हुए पुलिस की इस पहल की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन के गुम या चोरी होने के बाद प्राप्त शिकायतों के आधार पर CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल के माध्यम से संबंधित मोबाइल के IMEI नंबर को ट्रेस किया गया। तकनीकी जांच के जरिए मोबाइल की लोकेशन और उपयोग से संबंधित जानकारी जुटाते हुए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद किए। इसके बाद मोबाइल के स्वामित्व का सत्यापन कर उन्हें संबंधित धारकों को सौंपा गया।

मोबाइल गुम होते ही थाना को दें सूचना
पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाना को इसकी सूचना दें। साथ ही CEIR Portal पर शिकायत दर्ज कर अपने मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक/ट्रेस कराने की प्रक्रिया अपनाएं। इससे गुम या चोरी हुए मोबाइल को ट्रेस करने में पुलिस को तकनीकी सहायता मिलती है और उसके दुरुपयोग की संभावना को भी कम किया जा सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपने मोबाइल फोन का IMEI नंबर सुरक्षित रखने तथा मोबाइल गुम होने की स्थिति में बिना देर किए आवश्यक कानूनी एवं तकनीकी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
