खूंटपानी के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर सांसद कालीचरण मुंडा ने सुनीं जनसमस्याएं, प्रशासन के रवैये पर जताई नाराजगी
Khutpani
खुंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा ने शुक्रवार को खरसावां विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत खूंटपानी प्रखंड के विभिन्न पंचायतों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी गति तथा जिला प्रशासन के उदासीन रवैये पर नाराजगी जताई। दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सांसद का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। सांसद ने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं को संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। सांसद ने लोहरदा पंचायत के लोहरदा गांव, बड़ा गुंटिया पंचायत के कुन्द्रुहातु, उलीराजाबासा पंचायत के उलीराजाबासा, मटकोबेड़ा पंचायत के कुमार लोटा, रुईडीह पंचायत के खूंटा, बड़ा चीरु फुटबॉल मैदान, केयचालोम पंचायत के आहाबुरु तथा भोया पंचायत के बासाहातु गांव का भ्रमण किया।

प्रत्येक स्थान पर पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। दौरे के क्रम में सांसद कालीचरण मुंडा लिटिल स्टार चुरगुई फुटबॉल क्लब के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। उन्होंने युवाओं से खेल के माध्यम से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान जगबंधु महतो, मानसिंह मुंडा, छोटूराय किसकू सहित विभिन्न पंचायतों के अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
