हाड़ात गांव में हाथियों का कहर मां-बेटी की मौत,दो घायल
Ichagarh
चांडिल अनुमंडल के ईचागढ़ थाना क्षेत्र स्थित सोड़ो पंचायत के हाड़ात गांव में शुक्रवार देर रात जंगली हाथियों के झुंड ने भीषण उत्पात मचाया। रात करीब दो बजे 5–6 हाथी गांव में घुस आए और महतो परिवार के कच्चे मकान को तोड़ते हुए घर में प्रवेश कर गए। अचानक हुए हमले में चाइना देवी और उनकी बेटी अमिता कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कमलचंद महतो और सतुला देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण मशाल लेकर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों को खदेड़ा।घायलों को तुरंत जमशेदपुर के महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां कमलचंद की हालत नाजुक बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले सप्ताह से हाथियों का झुंड क्षेत्र में फसल नुकसान कर रहा था। सूचना पर वन विभाग व पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता दी गई है तथा 4-4 लाख मुआवजा प्रक्रिया में है।
