खरसावां प्रखंड स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता संपन्न, विजेता टीमों को किया गया सम्मानित
Kharsawan
खरसावां: प्रखंड संसाधन केंद्र के तत्वावधान में आयोजित खरसावां प्रखंड स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। विभिन्न वर्गों में विद्यालयों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किए।
अंडर-17 बालक वर्ग के फाइनल में राजकीय उच्च विद्यालय, खरसावां ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय, हुड़ांगदा को 1-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस वर्ग में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय की टीम तीसरे स्थान पर रही।

अंडर-15 बालक वर्ग के फाइनल में आदर्श मध्य विद्यालय, खरसावां ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बुरुडीह को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग के फाइनल में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पदमपुर ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जोजोकुडमा को पेनल्टी शूटआउट में हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस वर्ग में मॉडल विद्यालय, खरसावां की टीम तीसरे स्थान पर रही।

वहीं, प्रखंड स्तरीय लिटिल चैंप फुटबॉल प्रतियोगिता के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में प्राथमिक विद्यालय, खामरडीह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों खिताब अपने नाम किए और ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित डीएसए के सचिव मोहम्मद दिलदार एवं पिनाकी रंजन ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
