सालडीह में करम की उमंग, रातभर गूंजे गीत और थिरके कदम
Seraikella
सरायकेला। प्रकृति और भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक करम पर्व सरायकेला प्रखंड के सालडीह गांव में पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर गांव के घर-घर में विशेष तैयारियां की गईं। श्रद्धालुओं ने करम की डाल लाकर उसे स्थापित किया और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।
पूजा के बाद देर रात तक गांव में करम गीत और नृत्य का दौर चलता रहा। युवक-युवतियों के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी एक-दूसरे की कमर में हाथ डालकर सामूहिक रूप से करम नृत्य करते नजर आए। पारंपरिक गीतों और मांदर की थाप ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
पूर्व प्रत्याशी सह झामुमो नेता गणेश माहली ने सालडीह स्थित अपने पैतृक आवास पर करम डाल स्थापित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी ग्रामीणों के साथ करम नृत्य में हिस्सा लिया।
इस दौरान झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. सुभेन्दु महतो, गणेश चौधरी, विधायक प्रतिनिधि मंगललाल महतो, सुधीर महतो, बिशु हेंब्रम, सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेंब्रम, राजनगर प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हेंब्रम, अमूल्य महतो, उपमुखिया वासुदेव महतो, शेखर महाकुड़, दिलीप महतो समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
