खरसावां-कुचाई में गूंजा गणपति बप्पा मोरया…
भगवान के दर्शन को लेकर खुले जगह-जगह कपाट, श्रद्वालु
पूजा-अर्चना कर सुख-शांति और समृद्वि की कामना
kharsawan
खरसावां-कुचाई एवं आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को गणेश पूजा धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाई गई। खरसावां, कुचाई, बड़ा बाम्बो, आमदा, चिलकू समेत विभिन्न गांवों, शिक्षण संस्थानों, क्लबों एवं अन्य स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। भक्तों ने भगवान गणेश की पूजा कर ज्ञान, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। पूजा स्थलों पर दिनभर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे। कई स्थानों पर भव्य पंडालों का निर्माण किया गया है, जो श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं, भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। खरसावां-कुचाई क्षेत्र के तलसाई, चिलकू, बुरूडीह, बेहरासाई, कोलसाई, आमदा, देहरूडीह, बड़ा बाम्बो, पोटोबेडा, सोनापोस, उदुडीया, कृष्णापुर, कुदासिंगी, खमारडीह, आसनतलिया, कौचा, राजाबासा, गितीलता, अरुवां, मरागहातु, दलभंगा, गोडामारा, छोटाबाम्बो समेत अन्य क्षेत्रों में भी भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई। पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर आयोजकों द्वारा भी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। गणेश पूजा को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
तलसाई का भव्य पंडाल बना आकर्षण
खरसावां के तलसाई में श्री श्री गणेश पूजा समिति तलसाई की ओर से आकर्षक एवं भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। पंडाल में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शाम के समय पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई। बाजारों में भी पूजा को लेकर चहल-पहल देखने को मिली। मिठाई, फल एवं पूजा सामग्री की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। इस दौरान मुख्य रूप से प्रभात, रिपुन, भोला, पापुल, बिनेश, धनंजय, प्रकाश, शिलू आदि पूजा समिति के सदस्य उपस्थित थे।
