खरसावां के राजकीय प्लस टू हाई स्कूल में जागरूकता
कार्यक्रम कर स्कूली छात्राओं को महिला सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट
और साइबर फ्रॉड से बचाव की दी गई जानकारी,
Kharsawan
खरसावां थाना की ओर से राजकीय प्लस टू हाई स्कूल, खरसावां में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी गौरव कुमार ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को महिला अपराध से संबंधित कानूनों, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, महिला सुरक्षा तथा नशा मुक्ति के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, आपातकालीन सेवा डायल-112 तथा साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु टोल फ्री नंबर 1930 की उपयोगिता के बारे में भी जागरूक किया। इस अवसर पर बच्चा चोरी की अफवाहों से सतर्क रहने तथा किसी भी अपुष्ट सूचना को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित नहीं करने की अपील की गई। साथ ही महिलाओं के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों की जानकारी देकर छात्राओं को सजग और आत्मविश्वासी बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सडक सुरक्षा नियमों एवं गुड समैरिटन कानून की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि सडक दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिकों को कानून द्वारा संरक्षण प्रदान किया जाता है। विद्यालय परिवार ने इस जागरूकता अभियान को छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
