स्वर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान युवक डूबा, NDRF की टीम तलाश में जुटी
Choka
चौका थाना क्षेत्र के जायदा मंदिर के समीप स्वर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान एक युवक के डूब जाने की घटना सामने आई है। घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार (23 वर्ष), पिता विक्रम कुमार, निवासी आदर्श कॉलोनी, सोनारी (जमशेदपुर) अपने साथी आशुतोष कुमार के साथ जायदा मंदिर के पास स्वर्णरेखा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से नदी एवं आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।
युवक की तलाश के लिए सबसे पहले गोताखोरों की मदद ली गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल को पत्राचार कर NDRF टीम की प्रतिनियुक्ति का अनुरोध किया। इसके बाद NDRF की टीम को मौके पर लगाया गया और युवक की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद से लगातार खोजबीन की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है। वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों की निगाहें राहत एवं बचाव अभियान पर टिकी हुई हैं।
