डीईओ ने खरसावां के हुड़ंगदा हाईस्कूल का किया निरीक्षण, 18 साल की उम्र पूरी करने वाले विद्यार्थियों का बनेगा वोटर कार्ड, स्कूलों को सूची तैयार करने का निर्देश,
kharsawan
उपायुक्त सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा ने शनिवार को उच्च विद्यालय हुड़ंगदा खरसावां का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, पठन-पाठन, साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय निरीक्षक एवं प्रधानाचार्य को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मतदाता जागरूकता अभियान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं की सूची तैयार कर जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं। साथ ही पात्र विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए फॉर्म-6 भरने के लिए प्रेरित करें।
उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करना प्रत्येक युवा के लिए मतदाता के रूप में अपने अधिकार और जिम्मेदारी की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है। जिन पात्र युवाओं का नाम अब तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी देकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
8 और 9 अगस्त को विशेष शिविर
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 8 एवं 9 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पात्र युवा इन शिविरों में पहुंचकर फॉर्म-6 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं।
उन्होंने प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से अपील की कि वे अपने विद्यालयों में पात्र छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें और उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी सहित शिक्षकगण उपस्थित थे।
