खरसावां के संतारी के सरोज कुमार आदित्य ने कोल्हान विश्वविद्यालय में लहराया परचम, एमएससी गणित में बने यूनिवर्सिटी टॉपर, राज्यपाल ने प्रदान किया गोल्ड मेडल, सफलता से खरसावां का नाम किया रोशन
Kharsawan
खरसावां प्रखंड के संतारी गांव निवासी सरोज कुमार आदित्य ने अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। कोल्हान विश्वविद्यालय में आयोजित सातवें दीक्षांत समारोह में सरोज कुमार आदित्य को एमएससी मैथमैटिक्स में यूनिवर्सिटी टॉपर बनने पर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। कोल्हान विश्वविद्यालय में आयोजित सातवें दीक्षांत समारोह में झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने सरोज कुमार आदित्य को गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस उपलब्धि के बाद संतारी गांव सहित पूरे खरसावां क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सरोज कुमार आदित्य, सुनील कुमार आदित्य के पुत्र हैं।

सीमित संसाधनों के बीच अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के बल पर उन्होंने एमएससी गणित में विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वोच्च स्थान हासिल किया।

उनकी इस सफलता ने न केवल उनके परिवार और गांव, बल्कि पूरे खरसावां क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। सरोज की उपलब्धि की खबर मिलते ही परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी। लोगों ने कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। सरोज कुमार आदित्य ने अपनी मेहनत से यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के बल पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
