सरायकेला में नए जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार ने संभाला पदभार
Seraikella
सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के नए जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार ने शनिवार दोपहर समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा से औपचारिक रूप से प्रभार लिया। इससे पूर्व अमित कुमार खूंटी में अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। राज्य सरकार द्वारा उन्हें सरायकेला-खरसावां जिले में जिला शिक्षा अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पदभार ग्रहण करने के बाद अमित कुमार ने कहा कि जिले में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी शिक्षकों एवं विभागीय कर्मियों के सहयोग से कार्य करने की बात कही।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी दिनेश कुमार एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने नए जिला शिक्षा अधीक्षक का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
