सरायकेला मे गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों पर झामुमो का धरना-प्रदर्शन, महंगाई वापस लो”, “जनविरोधी नीति बंद करो” और “गरीबों पर अत्याचार करना बंद करो” के लगे नारे…,
Seraikella
सरायकेला: घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने सरायकेला जिला मुख्यालय में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी के जिला, केंद्रीय, नगर, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई को लेकर आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता, छोटे दुकानदारों, होटल व्यवसायियों, ठेला-खोमचा संचालकों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
मौके पर झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो ने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिसका सबसे अधिक असर गरीबों, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज गरीब परिवारों के लिए चूल्हा जलाना तक मुश्किल हो गया है। गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि से घरेलू बजट पूरी तरह बिगड़ गया है, वहीं छोटे व्यवसायी और होटल संचालक भी आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि झामुमो जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।

सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई इस स्तर तक पहुंच चुकी है कि आम महिलाओं के लिए रसोई चलाना कठिन हो गया है। छोटे होटल और चाय दुकानदार भी आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और बढ़ते टैक्स से परेशान है, जबकि सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं हुआ तो झामुमो नेतृत्व के निर्देश पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार पर झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनता की मूल समस्याओं से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान “महंगाई वापस लो”, “जनविरोधी नीति बंद करो” और “गरीबों पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारों से उपायुक्त कार्यालय परिसर गूंजता रहा।
धरना-प्रदर्शन में झामुमो केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य गणेश चौधरी, बैद्यनाथ टुडू, भुण्डा वेसरा, धरमु गोप, भोला मोहंती, उमेश भोल, अबिनाश कबी, सुधीर महतो, अमृत महतो, जगदीश महतो, वीरेंद्र प्रधान, शंभू आचार्य, डब्बा सोरेन, सन्नी सिंह, गुरुचरण मुखी और सुशीला ताती समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
