मेहनत, अनुशासन और संघर्ष की मिसाल बनी खरसावां की झरना मंडल, 86.2ः अंक के साथ जिले में चतुर्थ स्थान,
Kharsawan
झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में मॉडल स्कूल खरसावां की छात्रा झरना मंडल ने शानदार सफलता प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इंटरमीडिएट आर्ट्स संकाय में झरना मंडल ने 500 में 431 अंक अर्थात 86.2ः अंक हासिल कर खरसावां माॅडल विद्यालय की टॉपर बनने के साथ-साथ सरायकेला-खरसावां जिले की टॉप-10 सूची में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया है। झरना मंडल की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। विद्यालय के शिक्षक जीडी महंत एवं अन्य शिक्षकों ने इसे मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम बताया। खरसावां पंचायत अंतर्गत गांव चिलकु निवासी, झरना मंडल के पिता सनत मंडल एक साधारण किसान हैं, तथा परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए गम्हरिया की एक फैक्ट्री में भी कार्य करते हैं। उनकी माता सुनीता मंडल एक समर्पित गृहिणी है, जिन्होंने अपनी बेटी की पढाई और संस्कारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीमित संसाधनों के बावजूद माता-पिता ने अपनी बेटी की शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं आने दी। झरना मंडल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया है। उन्होंने कहा कि जीवन में कठिन परिस्थितियां कभी भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए। झरना मंडल की इच्छा उच्च शिक्षा प्राप्त कर एक आदर्श शिक्षिका बनने की है, ताकि वह समाज के बच्चों को बेहतर शिक्षा देकर उन्हें जागरुक एवं सफल नागरिक बना सकें। उनकी यह सफलता आज के विद्यार्थियों के लिए एक बडी प्रेरणा है। झरना मंडल ने यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन, निरंतर मेहनत और परिवार का सहयोग किसी भी साधारण परिवार के बच्चों को असाधारण सफलता दिला सकता है। विद्यालय के प्रधानाचार्या बासुमति मिश्रा एवं विद्यालय प्रबंधन ने झरना मंडल के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि आने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
