खरसावां के विभिन्न विद्यालयों में कक्षा 9वीं एवं 10
वीं विद्यार्थियों के बीच उडिया भाषा साहित्य, कहानी और
एकांकी विषय की पुस्तको का निःशुल्क वितरित,
Kharsawan
खरसावां के राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय एवं उत्क्रमित उच्च विद्यालय पदमपुर में छात्र-छात्राओं के बीच उडिया भाषा की पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। इस दौरान कक्षा 9वीं एवं 10वीं की उडिया भाषा साहित्य, कहानी और एकांकी विषय की पुस्तकें विद्यार्थियों को निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। बताया गया कि वर्ष 1998 से तत्कालीन बिहार तथा वर्तमान झारखंड राज्य में उडिया साहित्य की ये पुस्तकें पाठ्यक्रम में शामिल हैं। लेकिन झारखंड और ओडिशा में पुस्तकें उपलब्ध नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को फोटोकॉपी कराकर पढाई करनी पडती थी। विद्यार्थियों की इस समस्या को देखते हुए झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं ओडिया समाजसेवी डॉ दिनेश कुमार षाडंगी, उत्कल सम्मेलनों जिला पूर्वी सिंहभूम के सदस्य मनोरंजन गिरी, मनोज कुमार विहरा, लक्ष्मण चंद्र गिरी तथा अन्य समाजसेवियों के सहयोग से इन पुस्तकों को छपवाया गया। इन पुस्तकों को झारखंड राज्य के विभिन्न उच्च विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच निःशुल्क वितरित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को खरसावां के विद्यालयों में पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अब विद्यार्थियों को फोटोकॉपी के सहारे पढाई नहीं करनी पडेगी, जिससे उन्हें काफी राहत मिलेगी। जानकारी दी गई कि आगामी दो-तीन दिनों के भीतर सरायकेला-खरसावां जिले के अन्य विद्यालयों में भी पुस्तक वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्कल सम्मेलनों जिला कमेटी के अध्यक्ष सुमंत चंद्र मोहंती, जिला सचिव अजय प्रधान, जिला पर्यवेक्षक सुशील कुमार षाडगी, जिला कोषाध्यक्ष सपन मंडल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बडी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
