जिला फुटबॉल लीग 2026: नारायणबेड़ा को हराकर मातकमडीह एसएफसी सुपर-5 में, सुखराम सोरेन की हैट्रिक से 5-1 की शानदार जीत
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला फुटबॉल लीग अर्जुना कप-2026 अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच गया है। बुधवार को अर्जुना स्टेडियम, खरसावां में खेले गए मुकाबले में एसएफए मातकमडीह ने डीकेएमसी नारायणबेड़ा को 5-1 से हराकर सुपर-5 में प्रवेश कर लिया। इसके साथ ही मातकमडीह सुपर-5 में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले हाथीटांड़ और सुमित एफसी अंतिम पांच टीमों में अपनी जगह बना चुके हैं। मुकाबले की शुरुआत में नारायणबेड़ा ने शानदार खेल दिखाते हुए पहले हाफ में अर्जुन मुर्मू के गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बना ली। हालांकि दूसरे हाफ में मातकमडीह ने जबरदस्त वापसी करते हुए लगातार पांच गोल दाग दिए।

मातकमडीह की ओर से सुखराम सोरेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक जमाई, जबकि मलखान सिंह सरदार और सोनाराम मुर्मू ने एक-एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। इस जीत के साथ मातकमडीह ने अपने चार मैचों में तीन जीत और एक ड्रॉ के दम पर सुपर-5 में जगह पक्की कर ली। दिन के दूसरे निर्धारित मुकाबले में बीएमसी धोलूडीह को प्रतिद्वंद्वी टीम के मैदान में नहीं उतरने के कारण वॉकओवर प्राप्त हुआ।
30 जुलाई के मुकाबले एंजेल एफसी सरगीडीह बनाम यूथ क्लब खामरडीह — दोपहर 2:00 बजे, रीडिंग एफसी बनाम अर्बन सिटी सीतारामपुर — अपराह्न 3:30 बजे अर्जुना स्टेडियम, खरसावां मे खेला जाएगा।
