कुचाई मे उन्नति का पहिया’ योजना के तहत 162 विद्यार्थियों के बीच बंटा साइकिल, विद्यार्थियों शिक्षा के लिए करें साइकिल का सदुपयोग, शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है-मानसिंह
kuchai
झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी ‘उन्नति का पहिया’ योजना के तहत शनिवार को कुचाई प्रखंड के आदर्श मध्य विद्यालय परिसर में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान प्रखंड के नौ विद्यालयों के 162 विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा, विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम नारायण सरदार, बीपीओ मिहीर कुमार दास तथा मुखिया करम सिंह मुंडा सहित कई जनप्रतिनिधि ने किया। मौके पर सांसद प्रतिनिधि मानसिंह मुंडा ने कहा कि ‘उन्नति का पहिया’ योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ना और विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना है।

साइकिल मिलने से विद्यार्थियों का समय बचेगा, उनकी विद्यालय में नियमित उपस्थिति बढ़ेगी और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सदुपयोग करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की। विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के कई विद्यार्थियों को विद्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में यह योजना उनके लिए काफी लाभकारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि इससे विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और विद्यालय छोड़ने की समस्या में कमी आएगी। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी संजय कुमार जोशी ने बताया कि इस चरण में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 162 विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराई गई है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संसाधनों के अभाव में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम नारायण सरदार ने विद्यार्थियों को साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। इस दौरान मुख्य रूप से उत्तम कुमार प्रधान, कुशल सिंह सोय, मुकेश कुमार सोय, जोएल ओमंग, दैत्यारी लेंका, नंद किशोर प्रधान, भोला नाथ गोप सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
