सरायकेला रथ मेले में सक्रिय महिला चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार, चोरी की चेन बरामद
Seraikella
सरायकेला रथ मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से सोने की चेन और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले एक महिला गिरोह का सरायकेला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह की चार महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में सरायकेला थाना कांड संख्या-59/26 दिनांक 25 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 317(2) एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्नी मुदलियार, कंका मुदलियार, नारायण मुदलियार और कनक विश्वास के रूप में हुई है। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बंदेल क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिलाएं रथ मेले में आम श्रद्धालुओं का भेष धारण कर भीड़ में घुल-मिल जाती थीं और मौका मिलते ही महिलाओं के गले से सोने की चेन व अन्य कीमती सामान उड़ा लेती थीं। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य भी रथ मेले में सक्रिय थे या नहीं तथा इनका संबंध अन्य जिलों में हुई चोरी की घटनाओं से तो नहीं है। मामले की जांच जारी है।
