समाहरणालय मोड़ के पास हाईवा की चपेट में आने से महिला की मौत, देवर गंभीर
Seraikella
सरायकेला। टाटा-चाईबासा मुख्य सड़क पर बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय सुलेखा महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके देवर रूपेश कुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों स्कूटी से जमशेदपुर से अपने घर चाईबासा जिले के भालूरंगी गांव जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार समाहरणालय मोड़ स्थित टीवीएस शोरूम के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात हाईवा ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुलेखा महतो सड़क पर गिर गईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं रूपेश कुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई है तथा फरार हाईवा की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
