आमदा में चोरी के गहने बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार; करीब पांच लाख के जेवर व सामान जब्त
Kharsawan
सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र की आमदा ओपी पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में चांदी एवं सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और घड़ी समेत करीब पांच लाख रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को करीब 13:30 बजे आमदा ओपी क्षेत्र में चोरी किए गए गहनों को लेकर सूचना मिली थी। बताया गया कि आमदा के गुल्लूजिया बस्ती निवासी ललन सिंह मोदी उर्फ टीका सिंह मोदी के घर में चोरी के गहने छिपाकर रखे गए हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान ग्रामीणों की भीड़ ने एक व्यक्ति को दौड़ाकर पकड़ लिया।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम ललन सिंह मोदी बताया। उसकी निशानदेही पर घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक कमरे में रखे संदूक से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद हुए। बरामद सामान के संबंध में पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने इस मामले में ललन मोदी के अलावा अनु मोदी, रूपा मोदी और कुंती मोदी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में मामले दर्ज रहे हैं।
सोने-चांदी के आभूषण समेत 27 सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से पायल, पायल की जोड़ी, सोने के लॉकेट, कान की बालियां, नाक की नथिया, ताबीज, चांदी की चूड़ियां, हाथ का कड़ा, बच्चे का हाथ का कड़ा, चांदी की अंगूठियां, लॉकेट, बिछिया, सिक्का, मंगलसूत्र, चांदी की चेन, मोबाइल फोन और हाथ घड़ी समेत कुल 27 प्रकार के सामान बरामद किए हैं।
बरामद सामान में एक स्क्रीन टच एमआई कंपनी का गोल्डन रंग का मोबाइल फोन और गोल्डन रंग की टाइटन कंपनी की हाथ घड़ी भी शामिल है। पुलिस ने बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई सरायकेला थाना कांड संख्या 36/26 तथा खरसावां थाना कांड संख्या 37/26 में चोरी किए गए सामान से संबंधित जांच के दौरान की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।
छापामारी दल में ये रहे शामिल
कार्रवाई में आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान, पुलिस पदाधिकारी योगेश रजक, सशस्त्र बल के जवान समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता और बरामद सामान के वास्तविक स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
