सरायकेला-खरसावां में बड़ी नक्सल विरोधी कार्रवाई, तीन हार्डकोर माओवादी गिरफ्तार, AK-47 व इंसास राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद
Seraikella Kharsawan
सरायकेला-खरसावां पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव एवं चांडिल थाना क्षेत्र के दलमा पहाड़ में छापेमारी कर प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक AK-47 राइफल, एक इंसास राइफल, एक 9 एमएम पिस्टल सहित भारी मात्रा में हथियार, गोलियां और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार 4 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि उदयपुर गांव में माओवादी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस, झारखंड जगुआर, कोबरा-203 बटालियन और 26वीं एसएसबी रांची की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान भाकपा (माओवादी) संगठन की सब-जोनल कमेटी के सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार उर्फ छोटा विजय को AK-47 राइफल, गोलियां और वॉकी-टॉकी के साथ गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चांडिल थाना क्षेत्र के दलमा पहाड़ से संगठन के रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर महतो तथा मीना पहाड़िया उर्फ ऐप्प पहाड़िया को भी गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 9 एमएम पिस्टल, जिंदा कारतूस, इंसास राइफल, AK-47 की गोलियां तथा कोडेक्स वायर (विस्फोटक सामग्री) बरामद की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार नक्सलियों ने पुलिस को बताया कि वे दलमा क्षेत्र में बड़ी नक्सली घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस की लगातार दबिश के कारण संगठन ने अपनी गतिविधियां सारंडा क्षेत्र की ओर बढ़ा दी थीं। आरोपियों ने दलमा क्षेत्र में पूर्व में हुई पुलिस बल पर हमले और हथियार लूट की घटनाओं सहित कई नक्सली वारदातों में संलिप्तता भी स्वीकार की है।
बरामद सामान में शामिल हैं:
AK-47 राइफल – 1
AK-47 मैगजीन – 2
AK-47 के 361 जिंदा कारतूस
इंसास राइफल – 1
9 एमएम पिस्टल – 1
9 एमएम के 42 कारतूस
कोडेक्स वायर (विस्फोटक) – 3 बंडल
वॉकी-टॉकी, मोटरसाइकिल, टॉर्च, बेल्ट, छाता सहित अन्य सामग्री।
इस अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने किया। अभियान में एसडीपीओ, कांड्रा, चांडिल, नीमडीह व गम्हरिया थाना पुलिस, झारखंड जगुआर, एसएसबी तथा कोबरा-203 बटालियन के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
