24 घंटे के भीतर जगरन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
Seraikella
सरायकेला। आदित्यपुर थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर जगरन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हत्या में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बलरामपुर, बोलाईडीह निवासी सोनू गोप(24) की हत्या के संबंध में आदित्यपुर थाना कांड संख्या-196/2026 दिनांक 18 जुलाई को दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शिबू प्रमाणिक, संजय नायक, प्रेम नायक तथा गणेश नायक शामिल हैं। सभी आरोपी गम्हरिया थाना क्षेत्र के बोलाईडीह गांव के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है तथा घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को हत्या के मामले के त्वरित खुलासे के रूप में देखा जा रहा है।
