अमित सरदार हत्याकांड में चार आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा व अन्य सामान बरामद
Adityapur
आदित्यपुर। आरआईटी थाना क्षेत्र में युवक अमित सरदार की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को रेलवे लाइन पर फेंकने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार समेत कई सामान बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को मृतक की परिजन बेहुला देवी (54) के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ आरआईटी थाना में हत्या का कांड संख्या 35/26 दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके आधार पर छापामारी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीकू किस्कू उर्फ बाबू किस्कू (26) निवासी कृष्णापुर टोला, राहड़गोड़ा इंडस्ट्रियल एरिया, आदित्यपुर, सोमा मुंडा उर्फ बुका मुंडा (38) निवासी कृष्णापुर टोला, राहड़गोड़ा इंडस्ट्रियल एरिया, आदित्यपुर, स्वरूप सोरेन उर्फ कतुरु (27) निवासी सतबहनी धीरजगंज, आदित्यपुर तथा मिलन सिंह (18) निवासी सतबहनी धीरजगंज, आदित्यपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर दो लोहे के हथौड़े, चार स्मार्ट मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और मृतक की शर्ट में लपेटा हुआ एक पत्थर बरामद किया गया है। पुलिस मामले में हत्या के कारणों और घटना में आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है।
कार्रवाई में आरआईटी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक रविकांत पराशर, पुलिस अवर निरीक्षक विमलेश कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक विक्रम कुमार समेत आरक्षी उमाशंकर सिंह, हवलदार जॉनसन भेंगरा, आरक्षी सिदिऊ बुड़ीउली और बबलू बिरुली शामिल रहे।
