खरसावां के बड़ाबाम्बो में बाइक चोरी के प्रयास में पकड़ा गया युवक निकला बिहार का लापता किशोर, मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंपा, फरार अन्य संदिग्धों की तलाश जारी
kharsawan
खरसावां प्रखंड की जोरडीहा पंचायत अंतर्गत बड़ाबाम्बो में सोमवार देर रात बाइक चोरी के प्रयास के दौरान ग्रामीणों के हत्थे चढ़ा युवक बिहार का लापता किशोर निकला। आमदा ओपी पुलिस ने मामले की जांच के बाद युवक की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के 17 वर्षीय राजेश कुमार महतो के रूप में की और आवश्यक जांच पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों को सौंप दिया।

वहीं, घटना में शामिल फरार अन्य संदिग्ध युवकों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, खरसावां के मोलाडीह गांव निवासी बलराम महतो सोमवार रात अपनी दुकान बंद कर घर में सो रहे थे। देर रात कुछ युवक उनकी बाइक चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। आहट मिलने पर उनकी नींद खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया।

शोर सुनते ही अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को बलराम महतो और ग्रामीणों ने पकड़ लिया। उसके भागने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने उसे लोहे के खंभे से बांध दिया और इसकी सूचना आमदा ओपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आमदा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान समस्तीपुर (बिहार) निवासी 17 वर्षीय राजेश कुमार महतो के रूप में हुई। जांच के दौरान पता चला कि वह 16 जुलाई 2026 से लापता था और उसके परिजनों ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसकी तलाश के लिए पोस्टर भी जारी किए गए थे। आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने बताया कि पूछताछ के दौरान युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं पाई गई। इसके बाद उसके परिजनों से संपर्क किया गया। परिजनों ने पुलिस को युवक की मानसिक स्थिति खराब होने संबंधी चिकित्सीय प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराया। सत्यापन और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि बाइक चोरी के प्रयास में शामिल अन्य फरार युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
