खरसावां में सड़क हादसे में पीडीएस डीलर की मौत, दो नाती घायल,
बनाईकेला चौक के समीप 407 वाहन की चपेट में आई बाइक, राशन लदा वाहन खेत में पलटा; मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन,
kharsawan
खरसावां प्रखंड के संतीकुदर निवासी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदार करम सिंह बोदरा (55) की शुक्रवार की दोपहर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार दो मासूम नाती भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज खरसावां के निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।

मृतक की पहचान संतीकुदर निवासी करम सिंह बोदरा, पिता स्व. प्रकाश बोदरा के रूप में हुई है। घायलों में मांगीलाल बोदरा के 8 वर्षीय पुत्र निखिल बोदरा और हरिचरण बोदरा के 10 वर्षीय पुत्र बिरज सिंह बोदरा शामिल हैं। दोनों आदर्श ग्लोबल पब्लिक स्कूल, देहरूडीह में क्रमशः कक्षा दो और कक्षा तीन के छात्र हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, करम सिंह बोदरा शुक्रवार को अपनी हीरो सुपर स्प्लेंडर बाइक संख्या जेएच 06 पी 2306 से खरसावां प्रखंड परिसर स्थित राज्य खाद्य निगम (एसएफसी) गोदाम से अपनी पीडीएस दुकान का राशन लेने गए थे। राशन उठाने के बाद वे देहरूडीह स्थित आदर्श ग्लोबल पब्लिक स्कूल पहुंचे और वहां से अपने दोनों नातियों को बाइक पर लेकर संतीकुदर लौट रहे थे।

बताया गया कि करम सिंह बोदरा बाइक से आगे चल रहे थे, जबकि उनकी पीडीएस दुकान का राशन लदा 407 वाहन पीछे आ रहा था। इसी दौरान खरसावां के बनाईकेला चौक के समीप एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद लगभग 70 क्विंटल राशन लदा 407 वाहन भी अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे में करम सिंह बोदरा और उनके दोनों नाती गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को खरसावां के एक निजी नर्सिंग होम ले जाया गया। बताया गया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही करम सिंह बोदरा की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। निखिल बोदरा के सिर और पैर में, जबकि बिरज सिंह बोदरा के सिर और हाथ में चोट लगी है। दोनों का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलने के बाद खरसावां पुलिस निजी नर्सिंग होम पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया।

इस घटना की सूचना पाकर खरसावां अंचल अधिकारी कप्तान सिंकू नर्सिंग होम पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंची आमदा पुलिस को घेर लिया और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
