कुचाई के सिकरम्बा के जंगल से पिस्टल-राइफल समेत हथियारों का जखीरा बरामद, एसएसबी और झारखंड पुलिस का संयुक्त सर्च अभियान सफल, जंगल में छिपाकर रखे गए थे हथियार
kuchai
कुचाई प्रखंड क्षेत्र में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। 26वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रांची के कमांडेंट शाश्वत कुमार (आईपीएस) के निर्देशन में एसएसबी की ए-समवाय जम्बरो और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने कुचाई थाना क्षेत्र के रोलाहातु पंचायत अंतर्गत सिकरम्बा गांव के घने जंगलों में विशेष सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए कई हथियार और हथियारों से संबंधित सामग्री बरामद की गई।
अभियान का नेतृत्व उप कमांडेंट शक्ति सिंह एवं निरीक्षक उज्ज्वल कांति मुहुरी ने किया। संयुक्त टीम ने सिकरम्बा गांव के आसपास के दुर्गम एवं घने जंगलों में सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में छिपाकर रखे हथियार मिले।

एक पिस्टल और दो 303 राइफल बरामद
सुरक्षा बलों ने मौके से एक पिस्टल, दो 303 राइफल, तीन 303 राइफल मैगजीन, एक 9 एमएम कार्बाइन पिस्टल ग्रिप और एक 9 एमएम कार्बाइन का कॉकिंग हैंडल बरामद किया। बरामद सभी हथियारों एवं सामग्रियों को सुरक्षा बलों ने कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हथियार किसके और क्यों छिपाए गए थे, जांच जारी
अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक एवं उग्रवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सुरक्षा बलों द्वारा लगातार संयुक्त सर्च अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सिकरम्बा के जंगलों में चलाए गए अभियान में यह महत्वपूर्ण बरामदगी हुई।
अब सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियारों को जंगल में किसने और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा था। साथ ही बरामद हथियारों का किसी व्यक्ति अथवा संगठन से संबंध होने की भी जांच की जा रही है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
एसएसबी और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इलाके में अवैध एवं संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सर्च अभियान जारी रहेगा। सुरक्षा बलों ने स्थानीय ग्रामीणों से भी किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा सामान की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस या प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।
