खरसावां के चिल्कू में मां आकर्षणी पूजा एवं मेला संचालन समिति की बैठक, पूजा स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा, बिजली-पानी और मेले की स्वच्छता पर हुई चर्चा
Kharsawan
खरसावां के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां आकर्षणी पूजा एवं मेला संचालन समिति की कोर बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक में मां आकर्षणी की वार्षिक अखान पूजा एवं मेला स्थल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में पूजा स्थल की साफ-सफाई, बिजली-पानी की व्यवस्था, सुरक्षा और मेला परिसर की स्वच्छता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। दिसंबर माह में मेला स्थल पर पिकनिक मनाने के दौरान गंदगी फैलाने की समस्या पर भी चिंता जताई गई।
समिति ने इन समस्याओं के समाधान और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय विधायक एवं सांसद से मिलकर पहल करने का निर्णय लिया। इस संबंध में आगामी 15 नवंबर 2026 को समिति की अगली बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में समिति के अधिकांश सेवक सदस्यों से उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है। बैठक में मुख्य पुजारी नारायण सरदार, पुजारी जयसिंह सरदार, रामजी सिंहदेव, मोहन लाल हेम्ब्रम, बबलू राय, प्रकाश महतो, बाबू गांगुली सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
