दुर्गापूजा को लेकर सरायकेला पुलिस अलर्ट, चौक-चौराहों पर बढ़ी गश्ती
सायरन बजाकर नगर में निकली पुलिस टीम, बेवजह घूमने-जुटने वालों को दी चेतावनी
Seraikella
सरायकेला, आगामी दुर्गापूजा को लेकर सरायकेला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। शहर के चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से जुटने वाले लोगों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बुधवार को थाना पुलिस ने विशेष गश्ती अभियान चलाया।
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सायरन बजाते हुए नगर के विभिन्न हिस्सों में पहुंची। पुलिस ने प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों, मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर गश्ती करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर बेवजह खड़े अथवा घूम रहे लोगों को सचेत किया गया।
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
Seraikella
दुर्गापूजा के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी शुरू की है। पुलिस की टीम ने लोगों को अनावश्यक रूप से सार्वजनिक स्थानों पर जमावड़ा नहीं लगाने की हिदायत दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
सुरक्षा का भरोसा कायम करना अभियान का उद्देश्य
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया है। अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को सतर्क करना भी है। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्ती और निगरानी लगातार जारी रहेगी।
