खरसावां में आवास योजनाओं की समीक्षा, पीएम
आवास के 589 और अबुआ आवास के 816 मकान पूर्ण
पीएमएवाई-जी में 2800 स्वीकृत आवासों में 589 पूरे,
kharsawan
खरसावां प्रखंड मुख्यालय के सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) और अबुआ आवास योजना के तहत चल रहे आवास निर्माण कार्यों की पंचायतवार समीक्षा की गई। ब्लोक स्तर पर जारी प्रगति रिपोर्ट में जहां पीएमएवाई-जी में लाभुकों को किस्त भुगतान की स्थिति बेहतर मिली, वहीं कई पंचायतों में आवास निर्माण के अंतिम चरण की गति बढ़ाने की जरूरत सामने आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण 2024-25 के तहत प्रखंड में कुल 2800 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 2674 खाते पात्र पाए गए, जबकि 2668 लाभुकों को पहली किस्त जारी की जा चुकी है। यह 99.78 प्रतिशत है। रिपोर्ट के अनुसार 1694 आवास विंडोसिल स्तर तक पहुंच चुके हैं, जबकि 589 आवास पूर्ण हो चुके हैं। पंचायतवार आंकड़ों में बुरुडीह का प्रदर्शन बेहतर रहा है। यहां पहली किस्त 100 प्रतिशत, विंडोसिल स्तर पर 86.1 प्रतिशत और पूर्णता दर 47.62 प्रतिशत दर्ज की गई है। जोजोडीह में पूर्णता दर 50 प्रतिशत रही। इसके विपरीत बडाआमदा और चिलकू पंचायतों में निर्माण की गति बढ़ाने की आवश्यकता बताई गई है। बडाआमदा में दूसरी किस्त मिलने के बावजूद पूर्णता दर 23.73 प्रतिशत है। चिलकू में विंडोसिल स्तर की प्रगति 49.2 प्रतिशत दर्ज हुई है।

अबुआ आवास 2024-25 में 343 मकान पूर्ण
अबुआ आवास योजना 2024-25 में 3013 के लक्ष्य के विरुद्ध 2998 आवास स्वीकृत किए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार 1585 में से 1366 आवास प्लिंथ स्तर तक तथा 1246 में से 905 लिंटल स्तर तक पहुंचे हैं। 343 आवास पूर्ण होने की जानकारी दी गई है। बुरुडीह में प्लिंथ स्तर पर 98.3 प्रतिशत, खरसावां में लिंटल स्तर पर 81.6 प्रतिशत और सिमला में लिंटल स्तर पर 70.8 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। तेलाइडीह में पूर्णता दर 45.5 प्रतिशत है।
2023-24 के अबुआ आवास में 473 पूरे
अबुआ आवास योजना 2023-24 के तहत निर्धारित 766 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध सभी 766 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें 694 आवास प्लिंथ, 572 लिंटल और 473 आवास पूर्ण हो चुके हैं। दलाईकेला पंचायत में पूर्णता दर 84.4 प्रतिशत रही। वहीं बिटापुर, हरिभंजा और रिडिंग में पहली किस्त के विरुद्ध प्लिंथ स्तर का कार्य 100 प्रतिशत पूरा होने की जानकारी दी गई है। खरसावां पंचायत में 150 आवास का सबसे अधिक लक्ष्य है, जहां प्लिंथ स्तर पर 18 और लिंटल स्तर पर 20 आवास लंबित हैं। रिडिंग में पूर्णता दर 53.8 प्रतिशत दर्ज हुई है। समीक्षा में पंचायत सचिवो एवं पंचायत सहायकों को लंबित आवासों के निर्माण में तेजी लाने और लाभुकों को आवश्यक सहयोग देने पर जोर दिया गया। पीएम आवास जिला प्रशिक्षण कोऑर्डिनेटर बसंत साहू ने भी आवास योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी और समय पर निर्माण पूरा कराने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरान आवास विभाग के कोडिनेटर लिपिका राउत सहित पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक उपस्थित थे।
