स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर डीसी सख्त, दवा-जांच किट की कमी नहीं होने देने का निर्देश, टेली-कंसल्टेशन में जिले के प्रदर्शन की सराहना, नियमित टीकाकरण और स्वास्थ्य शिविर बढ़ाने पर जोर
Seraikella
सरायकेला। समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने आम लोगों को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं और जांच किट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन, स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली, चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, दवा-जांच किट की उपलब्धता, उपकरणों की स्थिति तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे लोगों के जीवन और कल्याण से जुड़ी हैं। ऐसे में चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
ड्यूटी के दौरान चिकित्सकों की उपस्थिति पर जोर
उपायुक्त ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्धारित ड्यूटी समय पर अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी करने तथा मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराने को कहा गया।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाओं और प्रमुख बीमारियों की जांच के लिए जरूरी किट का पर्याप्त स्टॉक रखने का निर्देश दिया। स्टॉक का नियमित सत्यापन और रजिस्टर को अद्यतन रखने को कहा गया। खराब उपकरणों की समयबद्ध मरम्मत या आवश्यकता के अनुसार बदलने का भी निर्देश दिया गया। निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर, इन्वर्टर और सोलर लाइट जैसी वैकल्पिक व्यवस्था रखने पर भी जोर दिया गया।
टेली-कंसल्टेशन में बेहतर प्रदर्शन की सराहना
बैठक में उपायुक्त ने टेली-कंसल्टेशन के क्षेत्र में जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के अधिक से अधिक मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
टीबी, मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू सहित अन्य प्रमुख बीमारियों की समय पर पहचान और रोकथाम के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने को कहा गया। मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए सर्वे, जांच, उपचार और जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
छूटे लाभुकों का टीकाकरण कराने का निर्देश
उपायुक्त ने नियमित टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाते हुए पात्र लाभुकों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा। टीकाकरण से छूटे लोगों की पहचान कर उन्हें टीका दिलाने तथा इसकी लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया। डायरिया और अन्य मौसमी व संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता और व्यक्तिगत साफ-सफाई को लेकर भी जागरूकता बढ़ाने को कहा गया।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा सभी एमओआईसी को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर स्वास्थ्य संस्थानों की वास्तविक स्थिति की निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. पी.एम. बारा, सभी एमओआईसी, डीपीएमयू, बीपीएमयू सहित अन्य चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित थे।
