सड़क या तालाब? सरायकेला गैरेज चौक पर जलजमाव से राहगीर बेहाल, मुख्य मार्ग पर जमा पानी में छिपे गड्ढे बढ़ा रहे हादसे का खतरा,
जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से हर बारिश में दोहराती है समस्या,
kharsawan
सरायकेला नगर क्षेत्र में विकास और बुनियादी सुविधाओं के दावों के बीच गैरेज चौक की तस्वीर इन दिनों अलग ही कहानी बयां कर रही है। सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर स्थित गैरेज चौक बारिश के बाद सड़क कम और तालाब अधिक नजर आ रहा है। मुख्य सड़क के बीचोंबीच बड़े पैमाने पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जलजमाव के कारण सड़क पर बने गड्ढे पानी में पूरी तरह छिप गए हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी से होकर गुजरने के दौरान कई वाहन चालक असंतुलित हो जाते हैं। पैदल राहगीरों को भी सड़क पार करने में काफी परेशानी हो रही है।
वाहनों के गुजरते ही राहगीरों पर पड़ता है गंदा पानी
गैरेज चौक से होकर दिनभर बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। जलजमाव के बीच तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के पहियों से पानी उछलकर आसपास से गुजर रहे लोगों और दुकानदारों पर पड़ता है। इससे राहगीरों के कपड़े गंदे होने के साथ ही दुकानों के सामने भी कीचड़ और गंदगी फैल रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य सड़क के इस हिस्से में बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त ड्रेनेज व्यवस्था नहीं है। यही वजह है कि बारिश का पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है। बारिश थमने के बाद भी जलजमाव बने रहने से आवागमन प्रभावित होता है।
जिला मुख्यालय की सड़क पर व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
गैरेज चौक जिला मुख्यालय की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है। ऐसे में मुख्य मार्ग पर बार-बार होने वाला जलजमाव नगर क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि बारिश के दौरान यहां जलजमाव की स्थिति बार-बार उत्पन्न होती है।
लोगों ने नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि गैरेज चौक पर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए। साथ ही सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि जलजमाव के कारण किसी बड़ी दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
