165 विद्यार्थियों की ओरल स्क्रीनिंग, तंबाकू व नशे से दूर रहने का दिया संदेश, एनआर+2 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में डेंटल हेल्थ कैंप, सही ब्रशिंग तकनीक की दी जानकारी
Seraikella
सरायकेला। एनआर+2 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में शुक्रवार को छात्र-छात्राओं के मौखिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर डेंटल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के कुल 165 छात्र-छात्राओं की ओरल स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य टीम ने विद्यार्थियों को दांतों और मुंह की नियमित साफ-सफाई के साथ सही तरीके से ब्रश करने की तकनीक की जानकारी दी।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को दांतों एवं मुंह से संबंधित विभिन्न रोगों के लक्षण, कारण, बचाव और उपचार के बारे में जागरूक किया गया। स्वास्थ्य टीम ने नियमित रूप से दांतों की जांच कराने तथा किसी भी प्रकार की मौखिक समस्या होने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी। विद्यार्थियों को स्वस्थ मुख, स्वस्थ दांत और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में भी बताया गया।

खैनी-गुटखा से होने वाले नुकसान बताए
कार्यक्रम में खैनी, गुटखा, पान और अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य एवं मौखिक रोगों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) से संबंधित हैंडबिल वितरित किए गए। साथ ही विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई।
मानसिक स्वास्थ्य पर भी हुई चर्चा
आत्महत्या रोकथाम माह के तहत कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, परेशानी के चेतावनी संकेतों और समय पर मदद लेने के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें किसी मानसिक परेशानी की स्थिति में परिवार, शिक्षक या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला दंत चिकित्सक डॉ. कामिनी लता, जिला दंत स्वास्थ्य विज्ञानी राजू कुमार पासवान, परामर्शदाता अशोक यादव एवं काउंसलर राधिका कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी सक्रिय सहयोग किया।
