चांडिल में विकास योजनाओं का डीडीसी ने किया स्थल निरीक्षण
स्वास्थ्य उपकेंद्र, मार्केट कॉम्प्लेक्स और बस स्टैंड निर्माण की समीक्षा, बाधाएं दूर कर समय पर काम शुरू करने का निर्देश
Chandil
चांडिल। सरायकेला-खरसावां की उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने शनिवार को चांडिल प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास एवं निर्माण योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्र, मार्केट कॉम्प्लेक्स और प्रस्तावित बस स्टैंड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं का त्वरित निराकरण कर निर्धारित समय-सीमा में काम शुरू कराने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान चांडिल के कदमडीह में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण के लिए चिन्हित सरकारी भूमि का जायजा लिया गया। निर्माण शुरू होने के बाद कुछ लोगों द्वारा भूमि को श्मशान घाट बताते हुए काम में बाधा डालने की जानकारी डीडीसी को दी गई। भूमि एवं अभिलेखों के सत्यापन के बाद संबंधित अंचल पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उक्त जमीन सरकारी भूमि है और वहां श्मशान घाट नहीं है।
इस पर डीडीसी ने अंचल पदाधिकारी को एक सप्ताह के भीतर संवेदक के माध्यम से स्वास्थ्य उपकेंद्र का निर्माण दोबारा शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। जरूरत पड़ने पर धारा 107 के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य निर्बाध रूप से जारी रखा जाए।
इसके बाद सिदडीह क्षेत्र में स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए चिन्हित सरकारी भूमि का भी निरीक्षण किया गया। अभिलेखों के सत्यापन में भूमि सरकारी पाए जाने के बाद डीडीसी ने इसी स्थल पर निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया।
मार्केट कॉम्प्लेक्स में दो दिन में शुरू होगा शौचालय निर्माण
चांडिल बाजार स्थित जिला परिषद के मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण करते हुए डीडीसी ने शौचालय निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित संवेदक को दो दिनों के भीतर मार्केट कॉम्प्लेक्स के सामने शौचालय निर्माण कार्य शुरू करने का निर्देश दिया। वहीं दुकानों में शटर की व्यवस्था नहीं होने पर तकनीकी पदाधिकारियों को आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर आगे की कार्रवाई करने को कहा।
मुख्य बाजार से दूर है प्रस्तावित बस स्टैंड
प्रस्तावित बस स्टैंड स्थल के निरीक्षण में पाया गया कि स्थल मुख्य बाजार से काफी दूर है और वहां वाहनों का आवागमन भी अपेक्षाकृत कम है। इसे देखते हुए डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों को बस स्टैंड के लिए अधिक उपयुक्त और सुविधाजनक वैकल्पिक स्थल चिन्हित कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ सह सीओ तालेश्वर रविदास, अंचल निरीक्षक, परियोजना पदाधिकारी विपिन कुमार सिन्हा, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, चौका एवं चांडिल थाना प्रभारी, राजस्व कर्मचारी, संवेदक तथा स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
