हेलमेट चेकिंग में युवक से मारपीट का आरोप, आदिवासी संगठनों ने खरसावां चांदनी चौक किया जाम, मोबाइल का डिस्प्ले तोड़ने और शर्ट फाड़ने का भी आरोप, कार्रवाई के आश्वासन पर एक घंटे बाद हटा जाम, पुलिस की कथित मनमानी के खिलाफ जमकर की नारेबाजी, दोषी जवानों पर कार्रवाई की मांग,
Kharsawan
खरसावां मे हेलमेट चेकिंग के दौरान एक युवक के साथ कथित मारपीट, मोबाइल का डिस्प्ले तोड़ने, शर्ट फाड़ने और गाली-गलौज करने के विरोध में शनिवार की शाम विभिन्न आदिवासी संगठनों के लोगों ने खरसावां चांदनी चौक को जाम कर दिया। शाम करीब 4:30 बजे शुरू हुए सड़क जाम के कारण कुचाई-खरसावां-सरायकेला मार्ग और खरसावां-आमदा मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। करीब एक घंटे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही।

बताया गया कि शनिवार की सुबह करीब 11 बजे खरसावां चांदनी चौक पर पुलिस प्रशासन की टीम द्वारा हेलमेट जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कुचाई प्रखंड के तिलोपदा गांव निवासी भारत बानरा बाइक से आमदा के रास्ते खरसावां आ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोककर हेलमेट के संबंध में पूछताछ की। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवक और पुलिसकर्मियों के बीच बहस हो गई।

भारत बानरा का आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने मोबाइल निकालकर घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया। इससे पुलिसकर्मी नाराज हो गए और उन्हें वीडियो बनाने से मना किया गया। युवक का आरोप है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई, शर्ट फाड़ दी गई और मोबाइल छीनकर उसका डिस्प्ले तोड़ दिया गया। उसने हेलमेट चेकिंग के नाम पर पैसे मांगने का भी आरोप लगाया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद शाम करीब 4:30 बजे विभिन्न आदिवासी संगठनों के लोग चांदनी चौक पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान “हेलमेट चेकिंग के नाम पर शोषण बंद करो”, “पुलिस की मनमानी नहीं चलेगी”, “पुलिस की गुंडागर्दी नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम की सूचना मिलने पर खरसावां पुलिस मौके पर पहुंची और समाज के लोगों से वार्ता शुरू की। करीब एक घंटे की बातचीत के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर शाम करीब 5:30 बजे जाम हटा लिया गया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ।
सड़क जाम में मनोज सोय, तुराम बोयपाई, डबुआ सोय, सुभाष हेम्बम, एक्शन सोय, लोगेन होनहागा, विजय दिग्गी, सालेन सोय, रामलाल हेंब्रम, बिरसिंह सिजूई, महेश उरांव समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
