मानकी-मुंडा चतुर्भुज सिंह मुंडा के श्राद्धकर्म में पहुंचे पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, कहा—जनजातीय समाज के हक-अधिकार और संस्कृति की रक्षा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा
Kuchai
कुचाई। प्रखंड अंतर्गत बारुहातु खूंटकटी मौजा के मानकी-मुंडा एवं ग्राम प्रधान स्वर्गीय चतुर्भुज सिंह मुंडा के श्राद्धकर्म में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय चतुर्भुज सिंह मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि स्वर्गीय चतुर्भुज सिंह मुंडा ने अपना संपूर्ण जीवन जनजातीय समाज के हक-अधिकारों की रक्षा, सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए समर्पित कर दिया था। समाज के प्रति उनका अमूल्य योगदान, संघर्ष और समर्पण हमेशा स्मरणीय रहेगा।
उन्होंने कहा कि चतुर्भुज सिंह मुंडा का निधन जनजातीय समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि समाज के बीच उनकी सक्रिय भूमिका और सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।

श्राद्धकर्म के दौरान डॉ. मीरा मुंडा, आदित्यपुर के महापौर संजय सरदार, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विजय महतो, प्रदीप सिंह देव, कुचाई प्रखंड अध्यक्ष दास सोय, मंगल सिंह मुंडा और राहुल दास समेत अन्य लोगों ने भी स्वर्गीय चतुर्भुज सिंह मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय चतुर्भुज सिंह मुंडा के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
