खेलो झारखंड में 350 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
16 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने 22 खेल स्पर्धाओं में लिया हिस्सा
Seraikella
सरायकेला। जिला मुख्यालय स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में शिक्षा विभाग की ओर से खेलो झारखंड के तहत खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के 16 विद्यालयों के 350 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में कुल 22 प्रकार के खेलों को शामिल किया गया था। मौसम खराब रहने के बावजूद खिलाड़ियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। मैदान में पहुंचते ही विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी मेहनत के साथ अपना दमखम लगाया। खेल मैदान में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह देखते ही बन रहा था।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव सिकंदर महतो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में अनुशासन, नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की बात कही।
प्रतियोगिता के दौरान अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को बढ़ावा देना और उन्हें प्रतियोगितात्मक मंच उपलब्ध कराना रहा। शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
मौके पर एमडीएम प्रभारी राजाराम महतो समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखा गया।
