खरसावां में श्राद्ध कार्यक्रम के लिए भोजन बनाने के दौरान
गैस सिलेंडर में लगी आग, समय रहते ग्रामीणों ने पाया काबू
kharsawan
खरसावां के शहरी क्षेत्र स्थित कुम्हारसाई में बुधवार को स्वर्गीय कामाख्या प्रसाद षाड़ंगी के 11वें दिन के श्रद्धा कार्यक्रम के लिए भोजन तैयार करने के दौरान गैस सिलेंडर के पाइप से आग लग गई। घटना करीब 12.30 बजे की है। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि स्वर्गीय कामाख्या प्रसाद षाड़ंगी के 11वें दिन के श्रद्धा कार्यक्रम को लेकर भोजन बनाया जा रहा था। इसी दौरान गैस सिलेंडर का पाइप खुल जाने से गैस का रिसाव हुआ और आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और समय रहते आग पर काबू पा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही खरसावां थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरसावां से दो फायर मशीन मंगाकर आग को पूरी तरह बुझाया गया। थाना प्रभारी ने तत्काल सरायकेला अग्निशमन कार्यालय को भी सूचना दी, जिसके बाद सरायकेला से दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। राहत की बात यह रही कि आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया और किसी तरह के जान-माल या सामान का नुकसान नहीं हुआ।

पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से बड़ी घटना टल गई। गौरतलब है कि स्वर्गीय कामाख्या प्रसाद षाड़ंगी का हाल ही में निधन हुआ था। वे खरसावां के जाने-माने शिक्षक एवं छऊ गुरु के रूप में भी पहचान रखते थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
