*गुवा गोलीकांड के शहीदों को जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि*
*गुवा बाजार स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को किया नमन*
*बिरसा चौक में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर भी किया गया माल्यार्पण*
Guwa
पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोआमुंडी प्रखंड अंतर्गत गुवा बाजार स्थित गुवा गोलीकांड के शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के माननीय मंत्री श्री दीपक बिरुवा ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ माननीय सांसद, सिंहभूम श्रीमती जोबा माझी, माननीय विधायक, मझगांव श्री नीरल पूर्ति, माननीय विधायक, जगन्नाथपुर श्री सोनाराम सिंकु, माननीय विधायक, मनोहरपुर श्री जगत माझी, माननीय विधायक, घाटशिला श्री सोमेश चंद्र सोरेन तथा चाईबासा जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुरीन ने भी शहीदों के स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति गहरी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। गुवा गोलीकांड के शहीदों का स्मरण करते हुए सभी ने उनके संघर्ष, साहस और बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर सिंहभूम प्रमंडल के आयुक्त श्री रवि रंजन कुमार विक्रम, कोल्हान क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री अनुरंजन किस्पोट्टा, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री अमित रेनू एवं उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार मौजूद रहे। शहीद स्मारक पर उपस्थित लोगों ने मौन भाव से उन वीर शहीदों को नमन किया, जिन्होंने अपने संघर्ष और बलिदान के माध्यम से इतिहास में अमिट छाप छोड़ी।

गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उपरांत माननीय मंत्री, सांसद, विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों का दल गुवा स्थित बिरसा चौक पहुंचा। वहां धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए उनके योगदान को भी स्मरण किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
गुवा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण का यह कार्यक्रम शहीदों के बलिदान, संघर्ष और ऐतिहासिक विरासत के प्रति सामूहिक सम्मान एवं कृतज्ञता का प्रतीक बना। बड़ी संख्या में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने एकजुट होकर शहीदों और महान स्वतंत्रता सेनानी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
