खरसावां के सुदूरवर्ती पहाड़ियो क्षेत्र रायजामा के मूंगा
और पिचांग टोला में पेयजल समस्या के समाधान की पहल तेज,
विधायक ने किया निरीक्षण, डीपीआर तैयार करने का निर्देश,
Kharsawan
खरसावां प्रखंड के सुदूरवर्ती पहाड़ियो क्षेत्र स्थित ग्राम रायजामा के मूंगा टोला एवं पिचांग टोला में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में पहल तेज हो गई है। क्षेत्र के विधायक दशरथ गागराई ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता के साथ गांव का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को ग्रामीणों के घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने का निर्देश दिया। वर्तमान में गांव के समीप पहाड़ियों के बीच स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पाइपलाइन के माध्यम से पानी को बस्तियों तक पहुंचाकर वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था संचालित की जा रही है। अब इसी व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए हर घर नल योजना के तहत घर-घर तक पेयजल पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार मूंगा टोला और पिचांग टोला में तीन अलग-अलग प्राकृतिक जल स्रोतों का उपयोग कर ग्रामीणों ने सामुदायिक सहयोग से जलापूर्ति की व्यवस्था विकसित की है। इससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिली है, लेकिन बढ़ती आबादी और स्थायी समाधान की आवश्यकता को देखते हुए सरकारी स्तर पर भी प्रयास तेज कर दिए गए हैं। विधायक दशरथ गागराई ने बताया कि जल्द ही पीएचईडी अधिकारियों ने तीनों जल स्रोत स्थलों का निरीक्षण किया। साथ ही डीपीआर बनानें की प्रक्रिया शुरू किया। उन्होंने कहा कि सुदूरवर्ती गांवों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के साथ आधुनिक जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करने की दिशा में विभागीय स्तर पर योजना तैयार की जा रही है, ताकि ग्रामीणों को वर्षभर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
