कुचाई के विभिन्न स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण कार्य
में अनियमितता का आरोप, जनप्रतिनिधियों ने उपायुक्त को लिखित
सौंपी शिकायत, प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
kuchai
कुचाई प्रखंड में निर्माणाधीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों को लेकर अनियमितता के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। कुचाई की प्रमुख गुड्डी देवी और जिला परिषद सदस्या जींगी हेंब्रम ने जिला मुख्यालय सरायकेला पहुंचकर उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपी।

शिकायत में कहा गया है कि प्रखंड के विभिन्न गांवों में बन रहे स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती जा रही है। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि निर्माण स्थल पर प्राक्कलन राशि और न्यूनतम मजदूरी दर का सूचना बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जबकि सरकारी योजनाओं में यह अनिवार्य है। इससे कार्य की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कुचाई के गोमियाडीह गांव में निर्माणाधीन स्वास्थ्य उपकेंद्र का हवाला देते हुए कहा गया है कि पिलर के फाउंडेशन कार्य में नियमों का पालन नहीं किया गया। आरोप है कि बिना पीसीसी ढलाई किए ही छड़ बांधकर पिलर खड़ा कर दिया गया है, जो तकनीकी मानकों के विपरीत है। साथ ही घटिया गुणवत्ता के सीमेंट के उपयोग का भी आरोप लगाया गया है। जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो भवन की मजबूती और सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है, जो श्रम कानूनों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुड्डी देवी और जींगी हेंब्रम ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और जांच के बाद क्या तथ्य सामने आते हैं।
