फोटोग्राफर अनूप सिंह का पार्थिव शरीर पंचतत्व में विलीन, सांसद जोबा माझी पहुंची अंतिम दर्शन को,
Chakradharpur
चक्रधरपुर: चक्रधरपुर के वरिष्ठ वीडियो फोटोग्राफर अनूप सिंह का बुधवार की दोपहर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इससे पूर्व दोपहर करीब पौने तीन बजे एमजीएम जमशेदपुर से पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर चक्रधरपुर थाना के पीछे स्थित आवास लाया गया। जहां पारिवारिक सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या मित्र और परिचितों ने उनका अंतिम दर्शन किया। सांसद जोबा माझी भी स्व. अनूप सिंह के आवास पहुंच अंतिम दर्शन किये और श्रद्धांजलि अर्पित की।

सांसद ने अनूप सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। कहा कि अनूप सिंह एक मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्ति थे। उनसे काफी लंबा संबंध रहा है। मेरे राजनीतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों में वह फोटोग्राफी का कार्य किया करते थे। सांसद के अलावा नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सन्नी उरांव, डॉ विजय सिंह गागराई के अलावा उदय माझी, प्रो. नागेश्वर प्रधान, प्रो. शिवपूजन सिंह, दिनेश जेना, अनवर खान समेत बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे थे। गौरतलब हो कि एक दिन पूर्व मंगलवार को ओवर ब्रिज में एक ट्रक की चपेट में आने से अनूप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये थे। आनन फानन में उसे पहले अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए टीएमएच रेफर किया गया। लेकिन टीएमएच पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया। अनूप सिंह के आकस्मिक निधन पर सूबे के मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा माझी, चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव, मनोहरपुर के विधायक जगत माझी समेत शहर के राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों ने भी दुख व्यक्त किया है।
