*नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 को लेकर तैयारियों की जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने की विस्तृत समीक्षा, सभी कोषांगों को दिए स्पष्ट निर्देश.., *स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराने हेतु राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश…*
Seraikella
नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 की तैयारियों के क्रम में आज समाहरणालय सभागार, सरायकेला में जिला निर्वाचन पदाधिकारी–सह–उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश लुनायत की उपस्थिति में मतदान-पूर्व व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान विभिन्न कोषांगों द्वारा संचालित गतिविधियों तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का विस्तृत परीक्षण किया गया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। साथ ही विभिन्न कोषांगों की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों को शेष बचे कार्यों को निर्धारित समयावधि के भीतर पूर्ण करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि सेक्टर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में निरंतर भ्रमण एवं निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था संबंधी परिस्थिति से त्वरित एवं प्रभावी रूप से निपटा जा सके।

मतदान केंद्रों पर कतार प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, प्रवेश एवं निकास मार्ग की सुव्यवस्थित व्यवस्था तथा मतदान प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने वाले तत्वों पर सतर्क निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
पोलिंग पार्टी डिस्पैच एवं रिसीविंग प्लान की समीक्षा करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएँ समयपूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
पर्दानशीं मतदान केंद्रों एवं ऐसे मतदान केंद्रों, जहाँ महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है, वहाँ महिला मतदान कर्मियों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
डिस्पैच हेतु आने वाली पोलिंग पार्टियों के निजी दोपहिया वाहनों की पार्किंग एनआरआई स्कूल परिसर में तथा निजी चारपहिया वाहनों की पार्किंग इंडोर स्टेडियम, सरायकेला में की जाएगी। इस संबंध में आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करने हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुनिश्चित सुविधाएँ (Assured Minimum Facilities) जैसे पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था आदि समय से उपलब्ध कराने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर बल लेखन का कार्य 20 फरवरी तक पूर्ण कर लेने को कहा गया।
गणना कार्य हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि सभी व्यवस्थाएँ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएँ।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सर्वोपरि रहेगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। शिकायतों के त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा, निदेशक डीआरडीए श्री अजय तिर्की, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेन्द्र उरांव, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित विभिन्न कोषांगों के वरीय पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
