खरसावां के प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय में शिक्षक-अभिभावक की बैठक मे नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर,अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में घर पर सहयोग करने की अपील,
kharsawan
खरसावां के प्लस टू राजकीय उच्च विद्यालय में शुक्रवार को शिक्षक अभिभावक बैठक (पीटीएम) की गई। बैठक की शुरुआत विद्यालय की बाल संसद के सदस्यों द्वारा अभिभावकों का तिलक, चंदन एवं पुष्प देकर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य मंजू कुमारी हेंब्रम ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए बैठक के उद्देश्य और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

बैठक में अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई में घर पर सहयोग करने, नियमित स्वाध्याय की आदत विकसित कराने तथा विद्यालय से निरंतर जुड़े रहने की अपील की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं, यूनिफॉर्म, ई-कल्याण छात्रवृत्ति, अपार आईडी समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
विद्यालय एवं व्यक्तिगत स्वच्छता, स्कूल स्कोर कार्ड, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा विद्यालय परिसर के आसपास नशापान एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही अभिभावकों को पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, सुझाव पेटी, खोया-पाया बॉक्स तथा कूड़ेदान की उपयोगिता के बारे में जागरूक किया गया। चेतना सत्र के दौरान विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। विज्ञान, पेंटिंग, संगीत एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया, जिसकी अभिभावकों ने सराहना की।अभिभावकों ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, अनुशासन एवं बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय का सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा। बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों ने बताया कि सरकार की ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू होने के कारण कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को भविष्य में विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के पुनर्गठन पर भी चर्चा की गई तथा अध्यक्ष एवं सदस्यों के लिए नामांकन लिया गया। अगली बैठक में नई समिति का गठन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य मंजू कुमारी हेंब्रम ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। बैठक में खरसावां थाना के एसआई श्याम राठौर, सुजाता सरदार, डॉ. विशाल कुमार साहू, पुष्पा बाखला, रेणुका पुथाल, राज पांडा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
