सरायकेला-खरसावां मॉडल महाविद्यालय में प्रथम उपाधि वितरण समारोह-2026 संपन्न, उत्तीर्ण विद्यार्थियों को डिग्री एवं मेडल किए गए प्रदान, कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर प्राप्त करे सफलता-अर्जुन मुंडा
Kharsawan
खरसावां प्रखंड के बदिराम स्थित सरायकेला-खरसावां मॉडल महाविद्यालय में गुरुवार को प्रथम “उपाधि वितरण समारोह-2026” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में स्नातक उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को डिग्रियां एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री सह झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं डॉ. मीरा मुंडा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आज उपाधि ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों के मन में भविष्य को लेकर अनेक सपने और संभावनाएं हैं। कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर प्राप्त यह सफलता उनके जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और समाज के प्रति जिम्मेदारी का आधार भी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के युवा ही देश के भविष्य के निर्माता हैं। उनकी ऊर्जा और प्रतिभा झारखंड सहित पूरे देश को नई दिशा देने में सक्षम है। उन्होंने महाविद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान आने वाले समय में शिक्षा, अनुसंधान और संस्कार का उत्कृष्ट केंद्र बने, यही सभी की कामना है। यदि शिक्षकों का समर्पण और विद्यार्थियों का परिश्रम इसी प्रकार बना रहा, तो यह महाविद्यालय राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।

जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि शिक्षा केवल साक्षरता नहीं, बल्कि जीवन का सबसे सशक्त आधार है, जो व्यक्ति को बौद्धिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाती है।
डॉ. मीरा मुंडा ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज में जागरूकता, समानता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देती है। एक शिक्षित व्यक्ति न केवल अपने भविष्य को संवारता है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इस अवसर पर मॉडल महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान, जिला परिषद सदस्य सावित्री बानरा, समाजसेवी प्रभाकर मंडल, सुधीर मंडल, उदय प्रताप सिंहदेव, विजय महतो, लखीराम मुंडा, रामनाथ महतो, अखिलेश महतो, दीपक माझी, आलोक दास, प्रदीप सिंहदेव, राहुल दास, मुरली प्रधान, बिषकठ प्रधान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
